advocates-demand-action-illegal-shops-laxmi-hotel-assault-sultanpur

सुलतानपुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन: रेलवे स्टेशन मारपीट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध दुकानों पर कार्रवाई की मांग

सुलतानपुर। रेलवे स्टेशन स्थित लक्ष्मी भोजनालय में अधिवक्ता धर्मात्मा सिंह के साथ हुई कथित जानलेवा मारपीट के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। घटना के विरोध में बुधवार को जिले के सैकड़ों अधिवक्ता एकजुट होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तथा स्टेशन रोड और कुड़वार नाका क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होटलों और दुकानों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की।

अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कई होटल और दुकानें कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन चुकी हैं, जहां आए दिन मारपीट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।

21 जून की रात रेलवे स्टेशन के निकट स्थित लक्ष्मी भोजनालय में अधिवक्ता धर्मात्मा सिंह, विपिन पाण्डेय और राजन पाठक पर कुछ लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में धर्मात्मा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद घायल अधिवक्ता का उपचार कराया गया और मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अधिवक्ताओं का कहना है कि वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन रोड और कुड़वार नाका क्षेत्र में कई होटल और दुकानें अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। इन प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों द्वारा आए दिन राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता, मारपीट, अवैध वसूली और दबंगई की घटनाएं की जाती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को विस्तृत प्रार्थना पत्र सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं—

-मारपीट की घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
-आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई।
-स्टेशन रोड एवं कुड़वार नाका क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होटलों और दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई।
-घायल अधिवक्ता धर्मात्मा सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ समुचित उपचार की व्यवस्था।
-भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था लागू की जाए।
-सीजेएम को लेकर भी जताई नाराजगी

अधिवक्ताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित दुकानों और होटलों की जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi