dm-quick-action-samadhan-diwas-madiahu-khatauni-correction-in-15-minutes

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी की सख्ती: 15 मिनट में खतौनी संशोधन, जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण

जौनपुर। तहसील मडियाहूं में जिलाधिकारी की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस (Samadhan Diwas) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया। मंगला सिंह, निवासी सीतम सराय, रामनगर मडियाहूं ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके आधार कार्ड में नाम “मंगला सिंह” है, जबकि खतौनी में “मंगला प्रसाद” दर्ज है। नाम में इस विसंगति के चलते उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को निर्देशित किया, जिसके परिणामस्वरूप मात्र 15 मिनट के भीतर खतौनी में नाम संशोधन कर संशोधित प्रति आवेदक को सौंप दी गई।

इसी क्रम में राजमणि पटेल, निवासी अहिरौली शीतलगंज मडियाहूं ने बताया कि उनकी खतौनी में गलत पते के रूप में रिकेरीपुर दर्ज है, जबकि वे अहिरौली के निवासी हैं। जिलाधिकारी ने इस मामले में भी त्वरित संज्ञान लेते हुए खतौनी संशोधन के निर्देश दिए, जिसके बाद उन्हें भी संशोधित खतौनी उपलब्ध करा दी गई।

वहीं कमलेश दुबे, निवासी बारीगांव बरसठी ने विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि उनका कनेक्शन मडियाहूं फीडर से जोड़ दिया गया है, जबकि वह बरसठी फीडर के अंतर्गत आता है। इस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता हाइडल को तत्काल जांच कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अपने राजकीय आवास पर ऑर्गेनिक तरीके से उगाए गए टमाटरों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाओं को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इनका उपयोग विद्यालय के मेस में किया जाए। उन्होंने ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों द्वारा आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

Author Profile

Ashutosh Sharma